scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशपश्चिम बंगाल: दूसरे चरण के मतदान से पहले कोलकाता में समन्वय बैठक करेगा निर्वाचन आयोग

पश्चिम बंगाल: दूसरे चरण के मतदान से पहले कोलकाता में समन्वय बैठक करेगा निर्वाचन आयोग

Text Size:

कोलकाता, 26 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले कोलकाता के तीन जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए रविवार को एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें चुनाव अधिकारी, पुलिस अधिकारी और केंद्रीय बलों के कमांडर शामिल होंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह बैठक 29 अप्रैल को होने वाले मतदान से तीन दिन पहले धन धान्य सभागार में आयोजित की जाएगी।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘यह बैठक कोलकाता के चुनावी जिलों में सभी तैयारियों का आकलन करने और मतदान प्रक्रिया में शामिल सभी एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के लिए बुलाई गई है।’

अधिकारी के अनुसार, बैठक में कोलकाता पुलिस के आयुक्त, कोलकाता उत्तर, कोलकाता दक्षिण और दक्षिण 24 परगना के जिला चुनाव अधिकारी, निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य, पुलिस और व्यय पर्यवेक्षक, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के कंपनी कमांडर और कोलकाता क्षेत्र के निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव अधिकारी भी शामिल होंगे।

अधिकारी ने कहा, ‘बैठक में मुख्य रूप से बलों की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों का मानचित्रण, नागरिक और पुलिस प्रशासन के बीच संचार, और मतदान कर्मियों की तैयारी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।’

राज्य में 23 अप्रैल को 16 जिलों में फैले 152 विधानसभा क्षेत्रों में पहले चरण के मतदान के दौरान 93 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था।

निर्वाचन आयोग पूरे राज्य में इस तरह की समीक्षा बैठकों का आयोजन कर रहा है, ताकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनावों में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके।

भाषा जोहेब अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments