scorecardresearch
Saturday, 17 October, 2026
होमदेशहम सभी सत्ता परिवर्तन चाहते हैं: एसआईआर पर प्रेसवार्ता में प्रशांत भूषण

हम सभी सत्ता परिवर्तन चाहते हैं: एसआईआर पर प्रेसवार्ता में प्रशांत भूषण

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जारी प्रदर्शनों के बीच अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने बृहस्पतिवार को सत्ता परिवर्तन का आह्वान करते हुए कहा कि यह हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है।

उन्होंने यहाँ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके, छात्र संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि लोकतंत्र में सरकार के खिलाफ ‘‘असंतोष’’ पैदा करना कोई अपराध नहीं है, और अब यह संघर्ष ‘‘वास्तव में सत्ता परिवर्तन’’ के लिए है।

भूषण ने कहा, ‘‘सरकार का आरोप है कि विपक्ष सत्ता परिवर्तन चाहता है… हम अभी इस बात के लिए लड़ रहे हैं कि चुनाव ठीक ढंग से हों। लेकिन अगर इसी तरह की बर्बरता जारी रही, तो सत्ता परिवर्तन निश्चित रूप से होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हॉं, हम सभी सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। इसमें क्या गलत है? भाजपा ने सत्ता परिवर्तन के लिए कई आंदोलनों का नेतृत्व किया। अब वे कह रहे हैं कि सत्ता परिवर्तन के लिए कोई साजिश रची जा रही है…।’’

भूषण ने कहा, ‘‘सत्ता परिवर्तन हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। हमारे संविधान के अनुसार, सरकार के प्रति असंतोष पैदा करना कोई अपराध नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यही वजह है कि अब यह एक तानाशाही सरकार के खिलाफ सत्ता परिवर्तन की लड़ाई बन गई है। एक ऐसी सरकार जो लोकतंत्र को कुचल रही है।’’

भूषण ने कहा कि अधिकारी विरोध-प्रदर्शनों को जितना दबाने की कोशिश करेंगे, उतने ही अधिक लोग सड़कों पर उतरेंगे।

उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन के इस आंदोलन का नेतृत्व युवा करेंगे, और इसमें नागरिक समाज समूह तथा राजनीतिक दल भी शामिल होंगे।

भूषण ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति न देने के फैसले पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अगर अधिकारियों को लगता था कि भीड़ कम होगी, तो वे कोई दूसरी जगह सुझा सकते थे।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या लोगों को सिर्फ इसलिए तिरंगा लहराने से रोका जा सकता है क्योंकि वह जगह अब विरोध-प्रदर्शन के लिए तय की गई जगह नहीं रही?

भूषण ने प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो का जिक्र किया, जिसमें कुछ लोग हमला करते दिख रहे हैं। उन्होंने इन लोगों को भाजपा समर्थक बताया और दावा किया कि यह वीडियो एक दिन के भीतर ही जारी कर दिया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘गुंडा राज चल रहा है।’’

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments