नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने शनिवार को कहा कि रखरखाव कार्य के लिए ऊपरी गंगा नहर आठ नवंबर तक बंद रहने के बावजूद राष्ट्रीय राजधानी के सभी इलाकों में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति जारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश का सिंचाई विभाग हर साल ऊपरी गंगा नहर के रखरखाव का काम करता है। इस नहर से दिल्ली जल बोर्ड के दो प्रमुख जल शोधन संयंत्रों सोनिया विहार और भागीरथी को गंगा का पानी मिलता है, जिसे शोधित कर पेयजल के रूप में इसकी आपूर्ति की जाती है।
दिल्ली जल बोर्ड ने एक सार्वजनिक सूचना में कहा, ‘‘आठ नवंबर तक सभी संबंधित इलाकों में जलापूर्ति निर्बाध रहेगी और लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होगी।’’
बोर्ड ने कहा कि पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों और नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पेयजल के स्वाद या उसमें मौजूद खनिजों की मात्रा में मामूली बदलाव महसूस हो सकता है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘यह बदलाव जलापूर्ति के लिए गंगा नदी के बजाय यमुना नदी से पानी लिए जाने के कारण ही होगा। इससे आपूर्ति किए जाने वाले पानी की सुरक्षा या गुणवत्ता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।’’
इससे पहले एनडीएमसी ने ऊपरी गंगा नहर के रखरखाव के लिए बंद रहने के कारण अपने क्षेत्रों में आठ नवंबर तक पानी की आपूर्ति कम होने की सूचना जारी की थी।
भाषा सिम्मी रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.