फरीदाबाद, 18 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को यहां बीके चौक पर ‘लव जिहाद’ और जबरन धर्मांतरण के मामलों के खिलाफ सरकारी हस्तक्षेप की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
बजरंग दल के एक पदाधिकारी ने कहा कि इस तरह के प्रदर्शन देशभर में आयोजित किए जा रहे हैं।
बजरंग दल के सदस्य पुनीत ने आरोप लगाया कि देश में ‘लव-जिहाद’ और जबरन धर्मांतरण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि हिंदू समुदाय की लड़कियों को निशाना बनाया जाता है, पहले उन्हें प्रेम संबंधों में फंसाया जाता है और फिर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि यह केवल चेतावनी नहीं, बल्कि एक गंभीर संकट का संकेत है। उनका कहना था कि समाज की आस्था, संस्कृति और सामाजिक संरचना पर संगठित हमले अब स्वीकार्य नहीं हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि ‘लव जिहाद’ और जबरन धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो इसके परिणाम समाज और देश के लिए घातक हो सकते हैं।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक असंतुलन और बढ़ती असुरक्षा की घटनाओं को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि यह केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज के अस्तित्व और गरिमा से जुड़ा प्रश्न है।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.