scorecardresearch
Sunday, 17 May, 2026
होमदेशएसएससी परीक्षा में नकल कराने वाले हाईटेक गिरोह का एक और सदस्य उत्तराखंड एसटीएफ की गिरफ्त में

एसएससी परीक्षा में नकल कराने वाले हाईटेक गिरोह का एक और सदस्य उत्तराखंड एसटीएफ की गिरफ्त में

Text Size:

देहरादून, 16 मई (भाषा) तीन माह पहले कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की एक भर्ती परीक्षा में देहरादून के एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले एक गिरोह के एक और सदस्य को उत्तराखंड विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया । अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी ।

इस साल 13 फरवरी को एसएससी द्वारा मल्टीटास्किग (नॉन टैक्निकल) स्टाफ और हवलदार ऑनलाईन परीक्षा के दौरान इस गिरोह का भंडाफोड़ हुआ था ।

उत्तराखंड एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने यहां बताया कि लगातार इनपुट विकसित करने के बाद टीम द्वारा देहरादून के नेहरू ग्राम में स्थित सेंट जोंस एकेडमी से आरोपी ईश्वरी प्रसाद उर्फ इन्द्रजीत शर्मा उर्फ इन्दर को गिरफ्तार किया गया ।

उन्होंने बताया कि दिल्ली के निहाल विहार के ईश्वरी प्रसाद के पास से नकल कराने में इस्तेमाल होने वाला एक लेपटॉप, चार मोबाइल फोन, दो इंटरनेट राउटर, 14 मिनी ब्लूटूथ डिवाइस और रिसीवर डिवाइस, सिम बॉक्स, 20 बैटरी, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा फर्जी आईडी कार्ड भी बरामद हुए हैं । इन उपकरणों को वह सेंट जोंस एकेडमी की प्रयोगशाला में लगा रहा था ।

एसएसपी ने बताया कि 13 फरवरी को एमकेपी परीक्षा केंद्र में नकल कराने के लिए सर्वर रूम, परीक्षा लैब एवं भूमिगत चैंबर कथित तौर पर ईश्वरी प्रसाद ने ही तैयार किया था । अब तक ईश्वरी प्रसाद सहित गिरोह के चार सदस्यों को एसटीएफ गिरफतार कर चुकी है ।

उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद 18 मई को आयोजित होने वाली एसएससी की कान्सटेबल जी.डी. ऑनलाईन परीक्षा के लिए बनाए गए सेंट जोंस एकेडमी परीक्षा केन्द्र को सील कर दिया गया है ।

एसएसपी ने बताया कि नवंबर 2025 में एसएससी द्वारा आयोजित टियर प्रथम ‘मल्टी टास्किंग स्टाफ परीक्षा’ एवं ‘क्लेरीकल स्टाफ’ की परीक्षा में हुई नकल के संबंध में भी यह आरोपी वांछित चल रहा था ।

आरोपी से पुछताछ में सेंट जोंस एकेडमी एवं कुछ अन्य स्थानों के सर्वर के ‘कंप्रोमाइज’ होने की जानकारी मिली है ।

उन्होंने बताया कि एसएससी की दो दिन बाद 18 मई को आयोजित होने वाली परीक्षा में सेंट जोंस एकेडमी भी एक परीक्षा केन्द्र है जिसके संबंध में एसएससी के क्षेत्रीय निदेशक को सूचना दे दी गयी है ।

भाषा दीप्ति

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments