scorecardresearch
Sunday, 25 October, 2026
होमदेशआईएसओ प्रमाणन प्राप्त करने वाला देश का पहला आपदा मोचन बल बना उत्तराखंड एसडीआरएफ

आईएसओ प्रमाणन प्राप्त करने वाला देश का पहला आपदा मोचन बल बना उत्तराखंड एसडीआरएफ

Text Size:

देहरादून, 25 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के लिए आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन प्रदान किया गया है। इसके साथ ही यह उपलब्धि हासिल करने वाला देश का पहला आपदा मोचन बल बन गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, इस प्रमाणन से बल की कार्यप्रणाली को मानकीकृत करने, अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव करने, जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने और अभियानगत प्रक्रियाओं में निरंतर सुधार लाने में मदद मिलेगी। इससे प्रशिक्षण, उपकरणों के रखरखाव और संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर एसडीआरएफ को बधाई दी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुझे विश्वास है कि एसडीआरएफ भविष्य में भी इसी तत्परता और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देता रहेगा।’’

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रमाणन से कार्यप्रणाली में मौजूद खामियों की पहचान करने और उन्हें दूर करने में मदद मिलेगी, जिससे बचाव अभियानों के लिए बल की तैयारियां और मजबूत होंगी।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि एसडीआरएफ की अभियानगत दक्षता, अनुशासन, मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के पालन और व्यवस्थित कार्यप्रणाली का प्रमाण है।

आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील उत्तराखंड में एसडीआरएफ की 40 से अधिक टीमें चौबीसों घंटे तैनात रहती हैं, ये टीमें भूकंप, भूस्खलन, अत्यधिक बारिश, बादल फटने, बाढ़, हिमस्खलन और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हमेशा तैयार रहती हैं।

आईएसओ प्रमाणन की प्रक्रिया के तहत भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने 23 से 25 सितंबर, 2026 तक जॉली ग्रांट स्थित एसडीआरएफ बटालियन मुख्यालय में दूसरा ऑडिट किया।

इस दौरान बीआईएस के पूर्व वैज्ञानिक ‘जी’ एवं उपमहानिदेशक विष्णु गुप्ता ने एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी की उपस्थिति में विभिन्न शाखाओं और अभियानगत प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया।

उत्तराखंड एसडीआरएफ को आठ अक्टूबर, 2026 को आधिकारिक रूप से आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन प्रदान किया गया।

भाषा शोभना रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments