नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक पटल पर अपनी आर्थिक शक्ति का विस्तार कर रहा है. देश आत्मनिर्भरता, नवाचार और विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है. उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हुई हैं.
मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि नए भारत में आम जनता नीति निर्माण के केंद्र में है. गरीब कल्याण शासन की प्राथमिकता है और जनभागीदारी विकास को जनआंदोलन का रूप दे रही है. उन्होंने सामाजिक न्याय, महिला सशक्तीकरण, डिजिटल नवाचार और आर्थिक समृद्धि को देश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया.
राष्ट्रीय हितों को लेकर जताई चिंता
योगी ने कहा कि दुनिया के कई हिस्से हिंसा और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, जबकि भारत लोकतांत्रिक स्थिरता और आर्थिक प्रगति के साथ आगे बढ़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें सत्ता के स्वार्थ में देश को अस्थिरता और अलगाववाद की ओर धकेलने का प्रयास कर रही हैं.
विकसित भारत में यूपी की भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश कृषि क्षमता, औद्योगिक विस्तार, आधुनिक बुनियादी ढांचे और युवा शक्ति के जरिए विकास को गति दे रहा है. उन्होंने दोहराया कि राष्ट्रीय एकता बनाए रखना और विकास की गति निरंतर जारी रखना डबल इंजन सरकार का संकल्प है.