नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ जिले के गुंजी में आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 में हिस्सा लिया. उन्होंने 70 और 42 किलोमीटर दौड़ के विजेताओं को पुरस्कृत किया और देशभर से पहुंचे धावकों का उत्साह बढ़ाया. इस दौरान रं समुदाय ने पारंपरिक वेशभूषा में उनका स्वागत किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में कठिन रास्तों, विषम मौसम और कम ऑक्सीजन के बीच दौड़ना साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति की परीक्षा है. उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए भारतीय सेना, आईटीबीपी और एसएसबी के जवानों की सराहना की.
धामी ने बताया कि 2025 में आयोजित पहले संस्करण में 700 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया था. आयोजन से आदि कैलाश क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है. इससे स्थानीय गाइड, होमस्टे संचालकों और परिवहन व्यवसायियों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मई 2027 के पहले सप्ताह में 100 माइल्स हिमालयन एंड्योरेंस अल्ट्रा रन आयोजित की जाएगी. यह दौड़ करीब 5,600 मीटर ऊंचे माणा पास से शुरू होकर बदरीनाथ और जोशीमठ होते हुए औली पहुंचेगी.
उन्होंने कहा कि सरकार सीमांत गांवों में पर्यटन, बुनियादी सुविधाओं और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है.