नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई और लोहियाहेड हेलीपैड पर आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. लोगों को अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता से काम करना चाहिए.
धामी ने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है. प्रशासन की जवाबदेही तय करने के साथ प्रत्येक व्यक्ति को उसकी समस्या का संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और स्थानीय जरूरतों पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है.
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.