scorecardresearch
Sunday, 25 October, 2026
होमदेशउत्तराखंड के राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव-2026 का किया उद्घाटन

उत्तराखंड के राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव-2026 का किया उद्घाटन

Text Size:

देहरादून, 25 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने रविवार को देहरादून के थानो स्थित ‘लेखक गांव’ में ‘अंतरराष्ट्रीय साहित्य, संस्कृति एवं कला महोत्सव-2026’ का उद्घाटन किया।

पांच दिवसीय इस महोत्सव में साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र से जुड़े देश-विदेश के लोग हिस्सा ले रहे हैं।

मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन समारोह में शामिल हुए राज्यपाल बिसेन ने कहा कि साहित्य, संस्कृति और कला मानवता को जोड़ने के सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन साहित्य सृजन को प्रोत्साहित करने और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

राज्यपाल ने कहा, ‘‘ स्थानीय भाषाओं में साहित्य सृजन, अनुवाद, शोध और प्रकाशन को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। साहित्यिक विमर्श में हिमालयी पर्यावरण, जैव विविधता और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण को भी प्रमुखता दी जानी चाहिए। आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।’’

उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसकी युवा पीढ़ी के ज्ञान, मूल्यों और रचनात्मकता पर निर्भर करता है। युवाओं को पुस्तकें पढ़ने, मौलिक चिंतन करने, अपनी मातृभाषा का सम्मान करने और साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने कहा कि ये साहित्य के संरक्षण और प्रसार में सहायक हो सकते हैं, लेकिन साहित्य की मूल शक्ति मानवीय संवेदनाओं और मौलिक विचारों में निहित है।

राज्यपाल ने लेखकों और साहित्यकारों से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुकता बढ़ाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने ‘लेखक गांव’ की अवधारणा की सराहना करते हुए इसके संरक्षक रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और उनकी टीम को बधाई दी।

इस अवसर पर राज्यपाल ने ‘लेखक गांव कॉफी टेबल बुक’ और ‘लेखक गांव सृजन यात्रा 2025-26’ नामक पुस्तक का भी विमोचन किया।

भाषा शोभना प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments