देहरादून, 21 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के महासचिव अमरजीत सिंह ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से पंजाबी गायक दलेर मेंहदी के साथ मंच पर कथित तौर पर किए गए व्यवहार के लिए बुधवार को सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की।
सिंह ने मंत्री के व्यवहार को ‘अतिथि देवो भव’ की संस्कृति के खिलाफ बताया। कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक सिंह ने यहां जारी एक बयान में 18 अक्टूबर की रात टिहरी जिले के नरेंद्रनगर क्षेत्र में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में उनियाल के कथित व्यवहार पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तराखंड अपनी अतिथि-सत्कार की परंपरा और ‘अतिथि देवो भव’ की संस्कृति के लिए जाना जाता है। ऐसे में राज्य सरकार द्वारा आयोजित मेले में प्रस्तुति देने पहुंचे आमंत्रित कलाकार के साथ सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे प्रदेश की छवि पर भी सवाल उठते हैं।’’
सिंह ने उनियाल पर बिना ठोस पुष्टि के मेंहदी के नशे में होने का संदेह जताने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि अगर मंत्री को गायक की प्रस्तुति या उनके व्यवहार को लेकर कोई शिकायत थी, तो आयोजकों के माध्यम से मामले की जांच कराई जा सकती थी। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘सार्वजनिक मंच से इस प्रकार की टिप्पणी करना किसी कलाकार की प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकता है।’’
उन्होंने कहा कि घटना के बाद देश के विभिन्न कलाकारों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने मेंहदी के समर्थन में प्रतिक्रियाएं दी हैं।
सिंह ने कहा कि मेंहदी ने पूरे प्रकरण में संयम और शालीनता बनाए रखकर अपनी गरिमा का परिचय दिया।
उन्होंने इस मामले में भाजपा नेताओं और सिख-पंजाबी समाज से जुड़े भाजपा पदाधिकारियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव ने मंत्री उनियाल से इस मामले पर सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की और भविष्य में सार्वजनिक मंचों पर अधिक संवेदनशीलता बरतने को कहा।
मेंहदी की प्रस्तुति के दौरान उनके गायन और बैकग्राउंड साउंड ट्रैक में अलग-अलग आवाजें सुनाई देने के कारण दर्शकों के बीच हंगामा हो गया था।
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय विधायक एवं मंत्री उनियाल इस पर नाराज हो गए और मंच पर पहुंचकर उन्होंने मेंहदी से कहा कि उन्हें मनोरंजन के लिए काफी पैसे देकर बुलाया गया है इसलिए प्रस्तुति के दौरान ध्यान रखा जाएं।
उन्होंने नवरात्र के धार्मिक आयोजन का उल्लेख करते हुए मेंहदी से कार्यक्रम की मर्यादा बनाए रखने को कहा।
इस दौरान मंच पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.