नैनीताल, 27 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के नैनीताल में खूपी के पास शुक्रवार को टैक्सी से आगे निकलने की कोशिश में एक बस सड़क पर पलट गयी जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने यहां बताया कि दुर्घटना के समय बस हल्द्वानी से भवाली की ओर जा रही थी और टैक्सी से आगे निकलने की कोशिश करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गयी।
इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस के नीचे से दबे यात्रियों को बाहर निकाला। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतक की पहचान पिथौरागढ़ के डीडीहाट के रहने वाले सुनील कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आठ अन्य यात्री दुर्घटना में घायल हुए हैं जिनमें से एक महिला की हालत गंभीर बतायी जा रही है। घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाषा
सं, दीप्ति रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.