कानपुर, 23 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में एक युवक की उसके तीन पड़ोसियों ने कथित तौर पर पिटाई करने के बाद चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को संदेह था कि मृतक के पिता ने उनकी बीमार बेटी पर जादू-टोना किया था।
पुलिस ने बताया कि मूसानगर थाना क्षेत्र के गलौली गांव में बृहस्पतिवार को रामगणेश (30) पर उसके घर के बाहर हमला किया गया। आरोप है कि उसने जादू-टोना करने के आरोपों को स्वीकार करने से इनकार किया था। इसके बाद आरोपियों ने उसके पेट में कई बार चाकू घोंपा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
भोगनीपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजीव सिरोही ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रामगणेश की पत्नी रचना उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गईं, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान सत्यम कश्यप, उसके चचेरे भाई राघवेंद्र कश्यप और राघवेंद्र की पत्नी राधा कश्यप के रूप में हुई है।
सिरोही ने बताया कि विवाद तब शुरू हुआ, जब आरोपियों ने रामगणेश के पिता पन्नालाल पर अपनी बेटी की बिगड़ती सेहत के लिए जादू-टोना करने का आरोप लगाया।
सीओ ने बताया कि रचना की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.