मेरठ, 20 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मवाना में मंगलवार तड़के एक मकान में आग लगने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में पारिवारिक विवाद का संकेत मिला है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने बताया, ‘‘मवाना के मोहल्ला काबली गेट स्थित वाल्मीकि गली में मंगलवार तड़के करीब चार बजे एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मकान के प्रथम तल पर आग विकराल रूप ले चुकी थी। स्थानीय लोगों ने दमकलकर्मियों को बताया कि अंदर एक व्यक्ति फंसा हुआ है।’’
उन्होंने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ी भी बुलाई गई। उन्होंने बताया कि अग्निशमन द्वितीय अधिकारी मवाना और मुख्य अग्निशमन अधिकारी मेरठ भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि पुलिस और दमकलकर्मियों ने संयुक्त अभियान चलाकर युवक को बाहर निकाला और एंबुलेंस से नजदीकी चिकित्सा केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान आशु (30) निवासी मवाना के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार, आशु कुछ समय पहले मवाना के एक बैंक में चतुर्थ श्रेणी कर्मी के तौर पर नौकरी करता था और उसकी पत्नी पिछले कुछ समय से मायके में रह रही थी। उन्होंने बताया कि परिजनों का कहना है कि इस वजह से वह काफी समय से परेशान और उदास रहता था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पारिवारिक विवाद और युवक के अत्यधिक शराब के नशे में होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, युवक द्वारा स्वयं आग लगाने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं जफर मनीषा अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.