scorecardresearch
Monday, 3 August, 2026
होमदेशउप्र: कानपुर में सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक के घर दिनदहाड़े लूट, बहू और पोते को बंधक बनाया

उप्र: कानपुर में सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक के घर दिनदहाड़े लूट, बहू और पोते को बंधक बनाया

Text Size:

कानपुर, तीन अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार को तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने एक सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक के घर में घुसकर उनकी बहू और नाबालिग पोते को बंधक बना लिया तथा नकदी व आभूषण लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर के समय हुई, जब रचना त्रिपाठी (45) और उनका 17 वर्षीय बेटा देवांश घर पर अकेले थे।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि हथियारबंद बदमाशों ने दोनों को कब्जे में लेकर उनके मुंह बंद कर दिए, हाथ बांध दिए और रसोई में बंद कर दिया।

उन्होंने बताया कि बदमाशों ने इसके बाद करीब 45 मिनट तक घर में लूटपाट की।

अधिकारी ने बताया कि बदमाशों ने महिला को पहने हुए आभूषण उतारकर देने के लिए मजबूर किया और सोने-चांदी के गहने, करीब 1.5 लाख रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि घरेलू सहायिका के घर पहुंचने और रसोई का दरवाजा खोलने के बाद पीड़ितों को मुक्त कराया गया।

इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी सफेद रंग की एक मोटरसाइकिल से आए थे।

उन्होंने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बदमाश घर में कैसे दाखिल हुए।

फोरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अंगुलियों के निशान तथा अन्य साक्ष्य जुटाए।

डीसीपी ने बताया कि देवांश के हाथ में मामूली चोट आई है, लेकिन प्रारंभिक जांच में किसी गंभीर हमले के संकेत नहीं मिले हैं।

उन्होंने बताया कि परिवार ने करीब 10 लाख रुपये के आभूषण और 1.5 लाख रुपये नकद लूटे जाने का दावा किया जबकि पुलिस के प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लगभग आठ लाख रुपये है।

डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गयी हैं।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments