scorecardresearch
Monday, 3 August, 2026
होमरिपोर्टमहिला कांवड़ियों के लिए योगी सरकार ने किए खास इंतजाम, बड़ी संख्या में जलाभिषेक के लिए निकलीं शिवभक्त

महिला कांवड़ियों के लिए योगी सरकार ने किए खास इंतजाम, बड़ी संख्या में जलाभिषेक के लिए निकलीं शिवभक्त

प्रयागराज के प्रमुख घाटों पर चेंजिंग रूम और महिला सहायता केंद्र, सुरक्षा के लिए महिला पुलिस और आपदा सखियां तैनात.

Text Size:

प्रयागराज: श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा में महिला शिवभक्तों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है. उत्तर प्रदेश सरकार ने महिला कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. प्रयागराज में संगम और गंगा नदी के प्रमुख घाटों पर महिला शिवभक्तों के लिए चेंजिंग रूम और महिला सहायता केंद्र बनाए गए हैं. साथ ही घाटों और कांवड़ मार्गों पर महिला पुलिसकर्मियों और वॉलिंटियर्स की तैनाती की गई है.

उत्तर प्रदेश सरकार के मुताबिक कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है. इसी के तहत श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रयागराज में यात्रा मार्ग, कांवड़ शिविरों, भंडारों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.

प्रयागराज में महिला कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने उनके लिए विशेष इंतजाम किए हैं. दशाश्वमेध और संगम घाट से बड़ी संख्या में महिला कांवड़िए गंगाजल लेकर काशी के लिए रवाना होती हैं.

प्रयागराज के डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि संगम और गंगा नदी के प्रमुख घाटों पर महिला शिवभक्तों के लिए चेंजिंग रूम और महिला सहायता केंद्र बनाए गए हैं. घाटों पर महिला पुलिसकर्मियों के दस्ते भी तैनात किए गए हैं.

आजीविका मिशन की 44 आपदा सखियां भी महिला कांवड़ियों की मदद के लिए तैनात हैं. इसके अलावा प्रयागराज से वाराणसी के बीच बनाए गए कांवड़ मार्ग पर भी प्रमुख जगहों पर महिला पुलिसकर्मी और वॉलिंटियर्स मौजूद हैं. मनकामेश्वर, सोमेश्वर महादेव, ब्रह्मेश्वर महादेव समेत शहर के सभी प्रमुख शिव मंदिरों में भी महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है.

श्रावण मास में भगवान शिव की पूजा के लिए शिवालयों में महिलाओं की लंबी कतारें लगती हैं. अब कांवड़ यात्रा में भी महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है. छोटे कस्बों और गांवों से बड़ी संख्या में महिला शिवभक्त कांवड़ यात्रा के लिए घरों से निकल रही हैं.

प्रयागराज के दारागंज स्थित दशाश्वमेध घाट से गंगा जल लेकर काशी के लिए निकलीं ज्योति ने बताया कि अब महिलाएं रास्ते में सुरक्षित महसूस करती हैं और किसी तरह का डर नहीं है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से उनके कस्बे भरवारी से भी कई महिलाएं कांवड़ यात्रा पर जा रही हैं.

सदियापुर की मीरा देवी भी परिवार के आठ सदस्यों के साथ प्रयागराज के दशाश्वमेध घाट से जल लेकर बैजनाथ धाम कांवड़ यात्रा के लिए निकली हैं. मीरा देवी ने बताया कि इस बार उनके साथ परिवार की तीन पीढ़ियां यात्रा कर रही हैं. उनके साथ उनकी दो बहुएं, एक बेटी, तीन नातिन और उनका बेटा भी यात्रा में शामिल हैं.

मीरा देवी के मुताबिक अब कांवड़ मार्गों पर किसी तरह की असुरक्षा या असुविधा नजर नहीं आती. उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह महिला शिवभक्तों के लिए विश्राम शिविर बनाए गए हैं. सामूहिक यात्रा में महिलाएं भोले बाबा के भजन और कीर्तन करते हुए उत्साह और खुशी के साथ कांवड़ यात्रा कर रही हैं.

share & View comments