लखनऊ, सात जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मंगलवार को बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली और कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के पश्चिमी हिस्सों में अधिक बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया।
आईएमडी के अनुसार, कई स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछार हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि बांदा में सबसे अधिक 61.4 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, इसके अलावा मेरठ में 68.2 मिलीमीटर, वाराणसी (बीएचयू) में 32.2 मिलीमीटर, शाहजहांपुर में 24 मिलीमीटर और मुजफ्फरनगर में 20.8 मिलीमीटर बारिश हुई।
कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा।
आईएमडी के मुताबिक, बांदा में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि इटावा में यह 32.6 डिग्री सेल्सियस और कानपुर शहर में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लखनऊ में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने बुधवार को शहर और आसपास के इलाकों में आमतौर पर बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने का अनुमान जताया है।
विभाग के अनुसार, लखनऊ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
आईएमडी ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश व गरज के साथ बौछार का अनुमान जताया है।
राज्य के पश्चिमी हिस्से में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
भाषा जफर जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.