मेरठ, 26 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने की एक फैक्टरी का भंडाफोड़ कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह तैयार और 11 अधबने तमंचों के अलावा कारतूस व हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बीबीजीटीएस मूर्ति ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि भावनपुर थाने को लू-बक्सर मोड़ के पास अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने पुलिस दल पर गोलीबारी की हालांकि, इस घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी कर सलीमुद्दीन (50) और संतरपाल (55) को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके कब्जे से एक-एक तमंचा, दो कारतूस और दो खोखे बरामद किए।
मूर्ति के अनुसार, पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर भावनपुर व इंचौली थानों और स्वाट टीम (देहात) ने संयुक्त रूप से इंचौली क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापा मारा, जहां अवैध हथियार कथित तौर पर बनाए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि मौके से मेहराजुद्दीन (50), सारून (55) और राशिद (24) को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने बताया कि मौके से चार तैयार और 11 अधबने तमंचे, दो कारतूस, आठ नाल, 50 फायरिंग पिन तथा ग्राइंडर व ड्रिल मशीन सहित हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। मूर्ति ने बताया कि सारून के खिलाफ हत्या के मामले सहित पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि संतरपाल और मेहराजुद्दीन के खिलाफ भी मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, पांचों आरोपियों के खिलाफ भावनपुर थाने में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.