scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशउप्र: ‘नंद लाल’ के नाम से 26 लोगों के हस्ताक्षर वाले फॉर्म खारिज, बीएलओ पर मामला दर्ज

उप्र: ‘नंद लाल’ के नाम से 26 लोगों के हस्ताक्षर वाले फॉर्म खारिज, बीएलओ पर मामला दर्ज

Text Size:

लखनऊ, 26 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से दर्ज कराई गई शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए सोमवार को बताया कि मौजूदा मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए दिए गए फॉर्म-7 आवेदन स्वीकार नहीं किए गए हैं।

इन आवेदनों पर नंद लाल के नाम से 26 लोगों के हस्ताक्षर थे।

इसके अलावा, इस मामले में संबंधित बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

सीईओ कार्यालय ने यहां सोमवार को जारी एक बयान में बताया कि 15 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी की ओर से एक संवाददाता सम्मेलन में लगाए गए आरोपों के संबंध में सुलतानपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी से रिपोर्ट प्राप्त हुई है।

पार्टी ने आरोप लगाया था कि नंद लाल के फर्जी हस्ताक्षर वाले फॉर्म-7 जमा कराकर एक मतदाता का नाम हटवाने की साजिश की गई।

सुलतानपुर के सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 96 पर बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) के पास नंद लाल नाम के व्यक्ति के हस्ताक्षर वाले फॉर्म-7 आवेदन जमा किए गए थे।

इन आवेदनों में मतदाता सूची से 26 लोगों के नाम हटाने का अनुरोध किया गया था।

सीईओ कार्यालय ने बताया कि इन फॉर्म-7 आवेदनों को अधूरा पाया गया, क्योंकि इनमें आवेदक का नाम, मतदाता पहचान पत्र संख्या और मोबाइल नंबर जैसी आवश्यक जानकारी नहीं थी।

इस कारण बीएलओ ने इन पर आगे कोई कार्रवाई नहीं की।

हालांकि, आवेदक की पहचान सत्यापित किए बिना इन अधूरे फॉर्म को स्वीकार करना चुनाव संबंधी कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही माना गया है।

बयान में बताया गया कि इसके परिणामस्वरूप बीएलओ को चुनाव संबंधी सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है।

बयान के अनुसार, संबंधित बीएलओ के खिलाफ 24 अक्टूबर को गोसाईंगंज थाने में कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला भी दर्ज किया गया है।

भाषा जफर जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments