गोंडा, 21 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान अलग-अलग हादसों में डूबकर लापता हुए तीन लोगों के शव बुधवार सुबह बरामद कर लिये गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने बुधवार को बताया कि तरबगंज थाना क्षेत्र में टेढ़ी नदी और धानेपुर थाना क्षेत्र में कुआनो नदी में डूबे तीन लोगों के शव बरामद कर लिये गये।
उन्होंने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के अलावा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और प्रादेशिक सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) की बाढ़ राहत इकाई की टीमें लगाई गई थीं।
अधिकारी के अनुसार, तरबगंज थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव के लोग मंगलवार शाम लक्ष्मनपुर के पास टेढ़ी नदी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जित करने गए थे और इस दौरान पांच युवक नदी में डूबने लगे।
उन्होंने बताया कि प्रदीप (20) किसी तरह नदी से बाहर निकल आया और उसने रघुवर (19) व सुमित प्रजापति (20) को भी बचा लिया।
अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार रात सुमित की मौत हो गई थी।
उन्होंने बताया कि अभिषेक तिवारी (18) व राम विलास प्रजापति (18) लापता थे और दोनों के शव बुधवार सुबह बरामद किए गए।
अधिकारी ने बताया कि इसी तरह, धानेपुर थाना क्षेत्र के भैंसहवा घाट पर कुआनो नदी में डूबे बिहुरी गांव के शिवबक्श पुरवा निवासी तुलाराम शुक्ल (45) का शव भी बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.