पिथौरागढ़, 24 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में 15200 फीट की ऊंचाई पर स्थित आदि कैलाश क्षेत्र में ‘आदि कैलाश हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन-2’ के पहले दिन शनिवार को दो दौड़ की शुरुआत हुई।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
पिथौरागढ़ के जिला सूचना अधिकारी संतोष चंद ने बताया कि प्रदेश के पर्यटन सचिव धीरज सिंह गर्ब्याल ने जोलिंगकोंग में 70 किलोमीटर लंबी ‘हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन’ का उद्घाटन किया। इस दौड़ में देश भर से कुल 109 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
चंद ने बताया कि 70 किलोमीटर लंबी अल्ट्रा मैराथन के साथ ही गुंजी से 42 किलोमीटर लंबी मैराथन भी शुरू हुई जिसे प्रदेश में राज्यमंत्री दर्जाप्राप्त अशोक नबियाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें कुल 73 प्रतिभागी शामिल हुए ।
उनके अनुसार, आदि कैलाश हाई एल्टीटयूड अल्ट्रा मैराथन-2 के दूसरे दिन 25 अक्टूबर को 21, 10 और पांच किलोमीटर की तीन दौड़ आयोजित की जाएंगी जबकि आखिरी दिन 26 अक्टूबर को ‘माउंटेन टेरेन बाइकिंग इवेंट’ का आयोजन किया जाएगा।
पिथौरागढ़ के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. दीपक सैनी ने बताया कि ‘आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन-2’ की सभी पांचों स्पर्धाओं में 26 राज्यों के 1,100 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
सीडीओ के अनुसार, पहली ‘आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन’ में 12 राज्यों के 750 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा, ‘‘यह बेहद चुनौतीपूर्ण दौड़ है, क्योंकि इसमें धावक कम तापमान और कम ऑक्सीजन वाले ऐसे इलाकों में दौड़ रहे हैं, जहा रास्ते टेढ़े-मेढ़े हैं और भौगोलिक परिस्थितियां भी काफी कठिन हैं। ’’
आयोजकों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अपने साप्ताहिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ में इस दौड़ का जिक्र किए जाने के बाद इस आयोजन को काफी सफलता मिली ।
सैनी ने बताया कि शनिवार सुबह 6:40 बजे कार्यक्रम की शुरुआत से पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
भाषा सं दीप्ति
रंजन नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.