नई दिल्ली: दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने शनिवार को आमिर शौकीन को कथित नस्लीय टिप्पणी के मामले में पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. दिल्ली पुलिस ने उसे एक वीडियो में त्रिपुरा के रहने वाले एक व्यक्ति पर कथित नस्लीय टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है.
दिल्ली पुलिस ने शौकीन की छह दिन की हिरासत मांगी थी. पुलिस ने कहा कि वीडियो से जुड़े मामले में उससे पूछताछ करनी है. साथ ही उसे अहमदाबाद ले जाकर वीडियो में दिख रहे अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी करनी है. पुलिस को एक मोबाइल फोन भी बरामद करना है.
विशेष न्यायाधीश शिल्पी जैन ने सरकारी वकील और आरोपी के वकील की दलीलें सुनने के बाद शौकीन को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.
शुक्रवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने उसे एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था. यह हिरासत पूरी होने के बाद शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया.
पुलिस ने हिरासत की मांग करते हुए कहा कि शौकीन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह त्रिपुरा के रहने वाले पीड़ित का मजाक उड़ाता नजर आ रहा है.
पुलिस ने कहा कि वीडियो में दिख रहे अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए शौकीन को अहमदाबाद ले जाना जरूरी है. पुलिस के मुताबिक, आपत्तिजनक वीडियो अहमदाबाद में किसी अन्य व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया था और शौकीन ने इसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया.
शौकीन की ओर से वकील विनीत जैन ने पुलिस हिरासत का विरोध किया. उन्होंने कहा कि जांच अधिकारी ने अहमदाबाद का कोई खास पता नहीं बताया है. उन्होंने कहा कि आरोपी को पूरे अहमदाबाद में घूमने के लिए नहीं भेजा जा सकता.
वकील ने यह भी कहा कि वीडियो में मौजूद अन्य लोग पीड़ित के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं और वे उसकी तरफ देख भी नहीं रहे हैं.
सरकारी वकील ने इन दलीलों का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी अहमदाबाद में मौजूद अन्य आरोपियों का सही पता नहीं बता रहा है.
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में सदर बाजार थाने में एससी/एसटी एक्ट और कानून की अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है. इस मामले में त्रिपुरा पुलिस ने भी एक अलग एफआईआर दर्ज की है.