scorecardresearch
Saturday, 24 October, 2026
होमदेशदिल्ली के कृष्णा नगर में स्कूल के गार्ड रूम के पीछे जली हालत में मिली 12वीं की छात्रा

दिल्ली के कृष्णा नगर में स्कूल के गार्ड रूम के पीछे जली हालत में मिली 12वीं की छात्रा

18 वर्षीय छात्रा की मौत, पुलिस ने मौके से कुछ सामान बरामद किया; आग लगने की वजह अभी साफ नहीं.

Text Size:

नई दिल्ली: दिल्ली के कृष्णा नगर में शनिवार को एक स्कूल के गार्ड रूम के पीछे 12वीं कक्षा की 18 वर्षीय छात्रा जली हुई हालत में मिली. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शनिवार को स्कूल से आग लगने की सूचना पर पीसीआर कॉल मिली थी. कृष्णा नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जहां छात्रा जली हुई हालत में मिली.

शुरुआती जांच के दौरान मौके और मृतका के स्कूल बैग से कुछ सामान बरामद किया गया. क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की जांच कर जरूरी सबूत जुटाए.

फायर ऑफिसर अनूप सिंह ने बताया कि मौके पर एक फायर टेंडर पहुंचा था. आग किस वजह से लगी, यह अभी पता नहीं चल पाया है.

उन्होंने कहा, “हमें सूचना मिली थी कि स्कूल के अंदर एक बच्चे ने आग लगा ली है. मौके पर पहुंचकर स्कूल के अंदर गए तो पानी की टंकी के पीछे एक बच्ची जली हुई हालत में पड़ी मिली. हमें उसकी सही उम्र नहीं पता थी, लेकिन वह 12वीं कक्षा में पढ़ती थी. हमारी टीम की सिर्फ एक गाड़ी मौके पर पहुंची थी. अभी यह साफ नहीं है कि आग लगाने के लिए क्या इस्तेमाल किया गया था. उसे एंबुलेंस से ले जाया गया. घटना के बारे में अस्पताल से जानकारी मिल सकेगी.”

बीजेपी विधायक अनिल गोयल ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि छात्रा की मौत की परिस्थितियों की पुलिस और स्थानीय प्रशासन जांच कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, “यह एक बड़ी और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. उसकी आत्महत्या के पीछे क्या वजह थी, यह जांच का विषय है. हमारी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एसडीएम कार्यालय के अधिकारी मामले को देख रहे हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है…”

दिल्ली पुलिस ने कहा कि घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है और आगे की जांच जारी है.

share & View comments