scorecardresearch
Wednesday, 6 May, 2026
होमदेशरायपुर में पारिवारिक विवाद के बाद दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या

रायपुर में पारिवारिक विवाद के बाद दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या

Text Size:

रायपुर, छह मई (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घरेलू विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने लाइसेंसी पिस्तौल से कथित तौर पर गोली मारकर अपनी दो सालियों की हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात पंडरी पुलिस थाना क्षेत्र के मोवा इलाके में हुई, जिसके बाद आरोपी जितेंद्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, वर्मा का अपनी पत्नी खिलेश्वरी से घरेलू मुद्दों को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता था।

अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को झगड़े के बाद, उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके चली गई।

उन्होंने बताया कि बाद में रात नौ बजे से साढ़े नौ बजे के बीच, वर्मा अपनी लाइसेंसी पिस्तौल लेकर मोवा बाजार के पास स्थित अपने ससुराल पहुंचा और अपने बच्चे से मिलने की जिद करने लगा।

अधिकारी ने बताया कि इस कहासुनी के दौरान, उसकी साली गीतांजलि वर्मा (26) और दुर्गेशवरी वर्मा (24) बाहर आईं और उसे समझाने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि उनके दखल से गुस्साए वर्मा ने कथित तौर पर गोली चला दी।

अधिकारी ने बताया कि गीतांजलि की माथे में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्गेश्वरी की पीठ में गोली लगी और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद, आरोपी पुलिस थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर ने बताया कि बाउंसर के तौर पर काम करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार जब्त कर लिया है।

उन्होंने बताया कि जांच जारी है।

भाषा संजीव मनीषा खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments