scorecardresearch
Wednesday, 21 October, 2026
होमदेशजम्मू कश्मीर के उधमपुर में बस खाई में गिरी, दो लोगों की मौत

जम्मू कश्मीर के उधमपुर में बस खाई में गिरी, दो लोगों की मौत

Text Size:

जम्मू, 21 अक्टूबर (भाषा) जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में दूरदराज के इलाके में बुधवार को एक यात्री बस के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बस पचौंड से रामनगर जा रही थी तभी सुबह करीब आठ बजे गुल्ली गला के पास यह हादसा हो गया। इस घटना में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लोहे के मलबे में तब्दील हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और 17 घायल यात्रियों को बसंतगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया।

अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रामनगर अस्पताल रेफर किया गया जहां एक महिला और छह साल की लड़की ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

अधिकारियों ने बताया कि घायल छह अन्य यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें विशेष उपचार के लिए उधमपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुनील भारद्वाज ने अस्पताल जाकर घायल यात्रियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

उन्होंने उस सड़क की हालत पर चिंता जताई जहां दुर्घटना हुई थी और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सड़क को बेहतर बनाने की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के महत्व पर भी जोर दिया ताकि लोगों को खासकर आपातकालीन स्थितियों में समय पर चिकित्सा सहायता और बेहतर इलाज मिल सके।

इससे पूर्व, हादसे की सूचना मिलने पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उधमपुर के उपायुक्त अनंत द्विवेदी से बात की।

उन्होंने कहा कि हर संभव मदद दी जा रही है और उनका कार्यालय जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में है।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments