गुवाहाटी, तीन अगस्त (भाषा) असम में बाढ़ से दो और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 87 हो गई है जबकि सात जिलों में 1.28 लाख से अधिक लोग अब भी प्रभावित हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन में सोमवार को यह जानकारी दी गई है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि दोनों लोगों की मौत सबसे अधिक प्रभावित शिवसागर जिले में हुई।
बाढ़ प्रभावित सात जिलों चराइदेव, शिवसागर, धेमाजी, गोलाघाट, बिश्वनाथ, जोरहाट और लखीमपुर में 380 गांव तथा 14,230.148 हेक्टेयर कृषि भूमि अब भी जलमग्न है।
असम में इस वर्ष बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 87 हो गई है। बाढ़ से प्रभावित कुल 1,28,071 लोगों में से 55,200 शिवसागर, 34,050 चराइदेव और 20,209 जोरहाट जिले के निवासी हैं।
रविवार को पांच जिलों में 1.35 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित थे।
प्रशासन 38 राहत शिविरों का संचालन कर रहा है, जिनमें 11,066 विस्थापित लोगों को आश्रय दिया गया था। इसके अलावा 17 राहत वितरण केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं।
भाषा
देवेंद्र जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.