scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशपंजाब में कुख्यात अपराधियों के गिरोह से जुड़े दो लोग गिरफ्तार, हथियार बरामद

पंजाब में कुख्यात अपराधियों के गिरोह से जुड़े दो लोग गिरफ्तार, हथियार बरामद

Text Size:

चंडीगढ़, 22 अक्टूबर (भाषा) पंजाब पुलिस ने कुख्यात अपराधियों के गिरोह से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि पंजाब के गैंगस्टर रोधी कार्य बल (एजीटीएफ) ने राज्य की ‘काउंटर इंटेलिजेंस इकाई’ के साथ संयुक्त अभियान चलाकर और शहीद भगत सिंह (एसबीएस) नगर पुलिस के समन्वय से नवांशहर में गिरोह से जुड़े दो लोगों को पकड़ा।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से .30 कैलिबर की दो अत्याधुनिक पिस्तौल और गोलाबारूद बरामद किया गया है।

यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे आकाओं के संपर्क में थे और उन्हें एसबीएस नगर में अदालत में पेशी के दौरान एक विरोधी गिरोह के सदस्य की हत्या करने का काम सौंपा गया था।

उन्होंने कहा, ”उन्हें समय रहते गिरफ्तार किए जाने से हत्या की यह साजिश नाकाम हो गई।”

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने तीन अक्टूबर 2026 को लुधियाना में एक सरपंच की हत्या में भी शामिल होने की बात कथित तौर पर स्वीकार की है। इससे संकेत मिला है कि यह हत्या विदेश में बैठे आकाओं के इशारे पर सुपारी देकर कराई गई थी।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि आरोपियों के व्यापक आपराधिक नेटवर्क और अन्य अपराधियों से उनके संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments