देहरादून, 29 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में दो साहित्य ग्रामों की स्थापना की जा रही है, जहां साहित्यकारों के लिए आवासीय सुविधा, आधुनिक पुस्तकालय, संगोष्ठी कक्ष और अध्ययन स्थल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने यहां थानों में आयोजित लेखक गांव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026 के समापन समारोह में भाग लेते हुए कहा कि साहित्य ग्राम स्थापना की पहल से साहित्यकारों के लिए राज्य में अनुकूल वातावरण प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर काम कर रही है और उसे साहित्यिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है ।
धामी ने कहा कि राज्य में उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान, साहित्य भूषण और ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट’ जैसे पुरस्कारों के माध्यम से प्रदेश के उत्कृष्ट साहित्यकारों को सम्मानित किया जा रहा है। वहीं, हिंदी सहित विभिन्न स्थानीय भाषाओं में ग्रंथ प्रकाशन के लिए साहित्यकारों को अनुदान भी दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लेखक गांव को समाज को दिशा देने वाले विचारों का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह वर्तमान के साथ भविष्य का निर्माण कर रहा है।
उन्होंने कहा कि लेखक गांव प्रदेश में स्थानीय प्रतिभाओं को नया मंच देने के साथ ही साहित्यिक मानचित्र पर राज्य को नयी पहचान दे रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लेखक गांव की पत्रिका ‘धरती का स्वर्ग उत्तराखंड’ एवं ‘देवभूमि का काव्य पुष्प’ का विमोचन भी किया।
भाषा दीप्ति खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.