नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश सरकार ने दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों के दौरान प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी तेज कर दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को त्योहारों पर 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रकाश के पर्व दीपावली पर अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बकाया वसूली के नाम पर त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन न काटे जाएं. बड़े बिजली चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान न करने को कहा गया है.
शर्मा ने झटपट पोर्टल पर लंबित बिजली कनेक्शन आवेदनों का तत्काल निस्तारण करने और निरस्त आवेदनों की समीक्षा के निर्देश भी दिए. उन्होंने नियमित बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और कटौती से बचाने तथा जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया.
ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी. इससे लगातार पांचवें महीने घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा. उन्होंने नवसृजित नगर पंचायतों में भी बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.