हैदराबाद, 22 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के यादाद्रि भुवनगिरि जिले में एक दवा कंपनी के रिएक्टर में विस्फोट होने से दो श्रमिकों की मौत हो गई और नौ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार देर रात पोचमपल्ली मंडल स्थित इकाई में उस समय हुई, जब श्रमिकों की पाली बदल रही थी। उसने बताया कि विस्फोट के बाद इकाई में आग लग गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘‘दो लोगों की मौत हो गई। नौ लोग घायल हुए हैं। इनमें दो लोग 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं जबकि सात अन्य को मामूली चोटें आई हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बाद में अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पा लिया। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.