scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशपीएपी के बिना मिजोरम में प्रवेश करने के आरोप में दो विदेशियों को हिरासत में लिया गया

पीएपी के बिना मिजोरम में प्रवेश करने के आरोप में दो विदेशियों को हिरासत में लिया गया

Text Size:

आइजोल, 27 मार्च (भाषा) रूस और स्लोवाक गणराज्य के दो व्यक्तियों को मिजोरम में अलग-अलग स्थानों पर अनिवार्य संरक्षित क्षेत्र परमिट (पीएपी) के बिना राज्य में प्रवेश करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।

मिजोरम के पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) एच रामथलेंग्लियाना ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि स्लोवाकियाई व्यक्ति को शुक्रवार को उसके देश वापस भेज दिया गया और रूसी नागरिक के संबंध में भी इसी तरह का कदम उठाया जाएगा।

दक्षिण मिजोरम के सियाहा जिले में 58 वर्षीय स्लोवाक नागरिक को 24 मार्च को असम राइफल्स द्वारा भारत-म्यांमा सीमा के निकट एक स्थान से हिरासत में लिया गया था। अगले दिन त्रिपुरा सीमा के निकट मामित जिले में बीएसएफ ने रूसी नागरिक को उस समय रोका जब वह मिजोरम में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।

रामथलेंग्लियाना ने कहा कि यद्यपि दोनों व्यक्तियों के पास वैध वीजा और पासपोर्ट थे, लेकिन उनके पास पीएपी (विदेशी नागरिकों के लिए मिजोरम में प्रवेश करने हेतु अनिवार्य यात्रा परमिट) नहीं था।

उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए जाने के बाद दोनों विदेशी नागरिकों को सुरक्षाबलों द्वारा राज्य पुलिस के हवाले कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि स्लोवाकियाई व्यक्ति को शुक्रवार को उसके देश वापस भेज दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, स्लोवाकिया का यह व्यक्ति थाईलैंड से कोलकाता और फिर मिजोरम गया था और अपने दोस्तों के निमंत्रण पर म्यांमा के चिन प्रांत में एक उत्सव में भाग लेने की योजना बना रहा था।

उन्होंने बताया कि 41 वर्षीय रूसी नागरिक अगरतला से साइकिल द्वारा मिजोरम में दाखिल हुआ और शुक्रवार को उसे आइजोल लाया गया।

पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि उसे जल्द ही निर्वासित कर दिया जाएगा।

वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि रूसी नागरिक ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि मिजोरम में प्रवेश करने के लिए पीएपी की आवश्यकता होती है।

भाषा देवेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments