नोएडा, सात नवंबर (भाषा) थाना दादरी पुलिस ने शुक्रवार की मध्यरात्रि को पुलिस मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टर में कई घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, छह हजार रुपये नकद, दो देसी तमंचे, कारतूस, चाकू और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की मध्यरात्रि थाना दादरी पुलिस अवरोधक लगाकर संदिग्ध वाहनों और बदमाशों की तलाश में जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार में सवार कुछ लोग आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो चालक ने कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को घेर लिया।
उन्होंने बताया कि खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी और कार से उतरकर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस गोलीबारी में एक बदमाश अजय (27) पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल अजय को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, भाग रहे उसके साथी समीर (19) को पीछा कर पकड़ लिया गया। दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देसी तमंचे, कारतूस, एक चाकू, वारदात में इस्तेमाल कार, सोने-चांदी के जेवरात और छह हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टर में रहने वाले कई लोगों के घरों में चोरी की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी अजय के खिलाफ पहले से 20 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि समीर के खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
भाषा सं गोला सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.