तिरुवनंतपुरम, 20 मार्च (भाषा) केरल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के दो नेता शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। दोनों नेताओं के चुनावी मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है।
यहां आयोजित एक समारोह में भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में चिरायिनकीझु से कांग्रेस उम्मीदवार रहे बी एस अनूप और केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) कार्यसमिति के सदस्य आर एस अरुण राज को पार्टी में शामिल किया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, अनूप को चिरायिनकीझु और अरुण राज को चदयामंगलम विधानसभा क्षेत्रों से उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
दोनों नेताओं को उम्मीद थी कि उन्हें इस बार कांग्रेस से टिकट मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं होने पर उन्होंने पार्टी छोड़ दी।
अनूप ने कहा, “मैं 23 साल की उम्र में पंचायत का सदस्य बना और पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की। चिरायिनकीझु के लोग चाहते थे कि मुझे उम्मीदवार बनाया जाए और नेतृत्व ने भी इसका आश्वासन दिया था। हालांकि, स्थानीय कार्यकर्ताओं की आपत्तियों के बावजूद बाद में यह सीट राम्या हरिदास को दे दी गई।
अरुण राज ने कहा कि केरल छात्र संघ (केएसयू) और युवा कांग्रेस के माध्यम से काम करने के बावजूद उन्हें और कई अन्य नेताओं को चुनाव के दौरान दरकिनार कर दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जो नेता पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से जुड़े थे, उन्हें अब कांग्रेस में समायोजित किया जा रहा है, जो युवा कांग्रेस और केएसयू कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय है।
भाषा
प्रचेता पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.