scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशविदेश में मौजूद वांछित अपराधी के इशारे पर कारोबारियों के यहां गोलीबारी करने वाले दो गिरफ्तार

विदेश में मौजूद वांछित अपराधी के इशारे पर कारोबारियों के यहां गोलीबारी करने वाले दो गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (भाषा) विदेश में मौजूद वांछित अपराधी के इशारे पर राष्ट्रीय राजधानी में रंगदारी को ले कर दो कारोबारियों के यहां गोलीबारी करने में कथित तौर पर शामिल दो स्थानीय गुर्गों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उनके कब्जे से एक .30 बोर की पिस्तौल, एक अत्याधुनिक पिस्तौल, 12 कारतूस, एक खोखा और अपराध में इस्तेमाल की गई चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर के रहने वाले रोहित (22) और हरदोई निवासी हसीब (24) के रूप में हुई है। आरोपी रोहित पूर्व में भी एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है।

रोहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जायसवाल ने बताया कि 19 अक्टूबर को पूठ खुर्द गांव स्थित टाइल्स के एक गोदाम पर दो अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं, जबकि 20 अक्टूबर को कीर्ति नगर में एक मार्बल व्यापारी की इमारत पर भी गोलियां चलाई गईं थीं।

उन्होंने कहा कि दोनों ही मामलों में कारोबारियों से रंगदारी मांगी जा रही थी और जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों को विदेश में बैठे वांछित अपराधी नितिन डबास उर्फ विक्की हड्डल के निर्देशों पर हथियार और कारतूस मिले थे।

डीसीपी ने बताया कि 20-21 अक्टूबर की दरमियानी रात गुप्त सूचना मिली कि आरोपी हथियार लेकर रोहिणी के सेक्टर-24 स्थित बांके बिहारी मंदिर के पास आने वाले हैं जिसके आधार पर पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपियों को रुकने का इशारा किया लेकिन उन्होंने भागना शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से बरामद हथियार पूठ खुर्द और कीर्ति नगर गोलीबारी कांड में इस्तेमाल किए गए थे।

जायसवाल ने बताया कि आरोपी कीर्ति नगर घटनास्थल से कारतूस के खोखे भी उठाकर ले गए थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पुलिम ने इनकी गिरफ्तारी से रंगदारी के चार मामलों का पर्दाफाश करने का दावा किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान वैभव शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments