अगरतला, 25 सितंबर (भाषा) त्रिपुरा के जनजातीय कल्याण मंत्री विकास देबबर्मा ने टिपरा मोथा समर्थकों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में आग लगाने का आरोप लगाया और कहा कि इस तरह के हमले करके कोई भी इस राज्य में पार्टी को कमजोर नहीं कर सकता।
देबबर्मा ने मंगलवार रात मंडवई में भाजपा कार्यालय में आग लगाने वालों को भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
टिपरा मोथा त्रिपुरा में भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का एक घटक दल है।
मंत्री ने कहा कि आग में फर्नीचर, पार्टी के झंडे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री माणिक साहा के ‘कटआउट’ जलकर खाक हो गये।
देबबर्मा ने दावा किया, ‘‘टिपरा मोथा पार्टी के समर्थकों के एक समूह ने मंडवई स्थित भाजपा कार्यालय में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में शामिल लोगों को परिणाम भुगतने होंगे। पार्टी कार्यालयों और पार्टी कार्यकर्ताओं पर इस तरह के हमले करके कोई भी भाजपा को कमजोर नहीं कर सकता।’’
देबबर्मा ने कहा कि स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और पार्टी ने घटना में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी कार्यालय में आग लगाने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। जो लोग राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।’’
भाषा
देवेंद्र मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.