अगरतला, 26 अक्टूबर (भाषा) त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर देश से बिना शर्त माफी की मांग की।
खरगे ने रविवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान विवादित टिप्पणी की थी।
कार्यक्रम में दर्शकों में शामिल एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे, जिसके जवाब में खरगे ने कथित तौर पर कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।”
साहा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दिवंगत पिता को निशाना बनाकर की गई अपमानजनक टिप्पणी अक्षम्य और पूरी तरह निंदनीय है। नरेन्द्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं।’’
उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी 1.45 अरब भारतीयों का अपमान है और इससे कांग्रेस की “हताशा, निराशा और वैचारिक दिवालियापन” उजागर होता है।
साहा ने कहा, ‘‘कांग्रेस को अपने अध्यक्ष के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और देश से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।’’
इस बीच, प्रधानमंत्री पर खरगे की टिप्पणी की निंदा करने के लिए भाजपा की सदर जिला समिति ने अगरतला में रैली निकाली।
भाजपा की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष तपस भट्टाचार्य ने रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व बार-बार मोदी को निशाना बनाकर भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को सत्ता से हटाने के लिए बेताब है।
भट्टाचार्य ने दावा किया कि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) कांग्रेस और वाम दलों की “उपज” है।
उन्होंने कहा कि खरगे की टिप्पणी से पता चलता है कि विपक्षी नेता किसी भी तरह सत्ता में वापस आने के लिए बेचैन हैं।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.