scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशत्रिपुरा: धर्मानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में पहले दो घंटों में 15.63 प्रतिशत मतदान

त्रिपुरा: धर्मानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में पहले दो घंटों में 15.63 प्रतिशत मतदान

Text Size:

अगरतला, नौ अप्रैल (भाषा) त्रिपुरा के धर्मानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में बृहस्पतिवार को मतदान के शुरुआती दो घंटों में कुल मतदाताओं में से 15 प्रतिशत से अधिक ने मतदान किया।

उत्तरी त्रिपुरा के इस निर्वाचन क्षेत्र के 46,000 से कुछ अधिक मतदाता उपचुनाव में छह उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे, जो पिछले साल दिसंबर में विधानसभा अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से नेता बिस्वा बंधु सेन के निधन के कारण आवश्यक हो गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि सुबह नौ बजे तक 15.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।

उत्तर त्रिपुरा की जिला निर्वाचन अधिकारी चांदनी चंद्रन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान में तेजी आएगी।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने लोगों से उपचुनाव में रिकॉर्ड संख्या में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने ‘फेसबुक’ पर लिखा, ‘‘युवाओं और महिला मतदाताओं की सहज भागीदारी से लोकतंत्र के इस त्योहार में रंग भरेगा।’’

भाजपा उम्मीदवार जे. चक्रवर्ती ने कहा कि अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘कई मतदान केंद्रों पर विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और कांग्रेस अपनी कमजोर संगठनात्मक क्षमता के कारण अपने चुनाव प्रतिनिधियों को तैनात नहीं कर सके। हमें उम्मीद है कि इस बार हम रिकॉर्ड अंतर से यह सीट जीतेंगे।’’

कांग्रेस की उम्मीदवार चयन भट्टाचार्य ने दावा किया कि उनकी पार्टी के मतदान एजेंट को शुरू में दो बूथ में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, मतदान अधिकारियों के हस्तक्षेप से उन्हें बूथ में प्रवेश करने में मदद मिली। धर्मानगर में कुल मिलाकर स्थिति शांतिपूर्ण है।’’

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments