scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशकेरलम में भूस्खलन से ट्रेन का इंजन पटरी से उतरने के कारण बाधित रेल सेवाएं अब बहाल

केरलम में भूस्खलन से ट्रेन का इंजन पटरी से उतरने के कारण बाधित रेल सेवाएं अब बहाल

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 22 अक्टूबर (भाषा) केरलम के तिरुवनंतपुरम में परसाला रेलवे स्टेशन के पास बुधवार देर रात भूस्खलन के कारण बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया, जिससे ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं।

इसके बाद रेलवे ने छह यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया है और दो एक्सप्रेस ट्रेन की यात्रा आंशिक रूप से रद्द की है।

रेलवे के अनुसार, यह घटना रात दो बजकर 19 मिनट पर हुई, जब भूस्खलन के बाद ट्रेन संख्या 22619 बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस को परसाला के पास रोक दिया गया।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन रुकने के बाद उसका इंजन पटरी से उतरा हुआ पाया गया।

दक्षिण रेलवे ने एक बयान में कहा, ‘‘सभी यात्री और रेलवे कर्मचारी सुरक्षित हैं।’’

उसने बताया कि ट्रेन को आगे ले जाने के लिए तत्काल एक अन्य इंजन की व्यवस्था की गई। इसके अलावा, मरम्मत का काम करने और ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू करने के लिए कर्मचारियों और आवश्यक सामग्री के साथ दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) को घटनास्थल पर भेजा गया।

दक्षिण रेलवे ने ताजा जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे कर्मचारियों द्वारा पटरी की मरम्मत का काम पूरा किए जाने के बाद नेय्याट्टिनकरा-परसाला खंड में सुबह आठ बजकर 10 मिनट तक रेल सेवाएं बहाल कर दी गईं।

रेलवे ने बताया कि पटरी से उतरे इंजन को दोबारा पटरी पर चढ़ाकर घटनास्थल से हटा दिया गया है और पटरी की मरम्मत का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद रेल सेवाएं फिर से शुरू कर दी गईं।

रेलवे के अनुसार, घटना के कारण विलंब से चल रही कन्याकुमारी-मंगलुरु सेंट्रल परशुराम एक्सप्रेस परसाला से रवाना हुई और प्रभावित खंड से सुरक्षित गुजर गई।

रेल सेवाएं बहाल होने के बावजूद दक्षिण रेलवे ने बृहस्पतिवार को दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन में आंशिक बदलाव की घोषणा की।

ट्रेन संख्या 16121 तांबरम-तिरुवनंतपुरम सेंट्रल अमृत भारत एक्सप्रेस की यात्रा नागरकोइल टाउन में ही समाप्त कर दी गयी, जो बुधवार शाम साढ़े पांच बजे तांबरम से रवाना हुई थी।

ट्रेन संख्या 16122 तिरुवनंतपुरम सेंट्रल-तांबरम अमृत भारत एक्सप्रेस को बृहस्पतिवार सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से रवाना होना था। अब यह ट्रेन नागरकोइल टाउन से पूर्वाह्न 11:47 बजे रवाना होगी।

रेलवे ने बताया कि तिरुवनंतपुरम सेंट्रल और नागरकोइल टाउन के बीच इस ट्रेन की सेवा आंशिक रूप से रद्द कर दी गई है।

इससे पहले, रेलवे ने 20 अक्टूबर को बिलासपुर से रवाना हुई बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस की यात्रा नेय्याट्टिनकरा में ही समाप्त कर दी थी।

नेय्याट्टिनकारा और तिरुनेलवेली के बीच इस ट्रेन की सेवा आंशिक रूप से रद्द कर दी गई है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई।

परसाला रेलवे स्टेशन के पास मरम्मत का काम जारी रहने के कारण बृहस्पतिवार को चलने वाली छह यात्री ट्रेनें पूरी तरह रद्द कर दी गईं।

रद्द की गई ट्रेनों में तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर, नागरकोइल जंक्शन-कोल्लम जंक्शन पैसेंजर, नागरकोइल जंक्शन-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ पैसेंजर, कोल्लम जंक्शन-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर और तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर शामिल हैं।

यह घटना क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच हुई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को तिरुवनंतपुरम जिले के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया था और बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी थी। विभाग ने 22 से 25 अक्टूबर तक भारी बारिश का अनुमान जताते हुए ‘येलो’ अलर्ट भी जारी किया था।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments