नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) मंगलवार को ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से अपराह्न दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:-
दि9वायरस मामले
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 37,093 हुई
नयी दिल्ली, भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 5,676 नए मामले आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,68,172 हो गई है। वहीं उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 37,093 पर पहुंच गई है।
दि7कांग्रेस सोनिया
संविधान की रक्षा के लिए समान विचार वाले दलों के साथ मिलकर काम करेंगे : सोनिया
नयी दिल्ली, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने विपक्षी एकजुटता की पैरवी करते हुए मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी संविधान की रक्षा के लिए समान विचार वाले सभी दलों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है।
प्रादे14राजस्थान लीड पायलट अनशन
राजस्थान : पायलट ने एक दिन का अनशन शुरू किया
जयपुर, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कांग्रेस पार्टी द्वारा दी गई चेतावनी को दरकिनार करते हुए मंगलवार को यहां पूर्ववर्ती वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर एक दिवसीय ‘अनशन’ शुरू किया।
दि30भाजपा पायलट
राजस्थान कांग्रेस का घमासान सड़कों पर आया: भाजपा
नयी दिल्ली, राजस्थान की पूर्ववर्ती वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर अपनी ही पार्टी की सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट की ओर से शुरु किए गए एक दिवसीय ‘अनशन’ पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को तंज कसा और कहा कि राजस्थान कांग्रेस में मचा घमासान सड़कों पर आ गया है।
दि19ईडी लीड तेजस्वी
जमीन के बदले नौकरी मामला: तेजस्वी यादव ईडी के समक्ष हुए पेश
नयी दिल्ली, बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव कथित जमीन के बदले नौकरी घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए मंगलवार को दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए।
दि24दिल्ली केजरीवाल
देश का विकास रोकने की इच्छुक ताकतें ‘आप’ के खिलाफ : केजरीवाल
नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि देश को विकास की राह पर आगे बढ़ने से रोकने की चाह रखने वाली सभी ‘‘राष्ट्र-विरोधी ताकतें’’ उनकी पार्टी के खिलाफ हैं।
अर्थ8सीतारमण संरचनात्मक सुधार
संरचनात्मक सुधारों से निवेश के लिए वैश्विक स्तर पर आकर्षक स्थल बना हुआ है भारत: सीतारमण
वॉशिंगटन, संरचनात्मक सुधार करने के भारत के रूख से देश वैश्विक स्तर पर निवेश के लिए आकर्षक स्थल बना हुआ है और वैश्विक अर्थव्यवस्था में मजबूत स्थिति में है। यही वजह है कि आने वाले वर्षों में भारत तेज रफ्तार से वृद्धि करेगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अमेरिका के विचार समूह ‘पीटरसन इंस्टीट्यूट फॉर इंटरनेशनल इकोनॉमिक्स’ में यह कहा।
राष्ट्र वि10सरां भारत पाक ड्रोन
भारत ड्रोन के जरिए होने वाली अवैध हथियारों की आपूर्ति की गंभीर चुनौती का सामना कर रहा : राजदूत
संयुक्त राष्ट्र, भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की एक बैठक में कहा है कि वह सीमा पार से ड्रोन का इस्तेमाल कर अवैध हथियारों की आपूर्ति की ‘गंभीर चुनौती’ का सामना कर रहा है जो पड़ोसी देश के अधिकारियों की मदद के बिना मुमकिन नहीं है।
वि4चीन ताइवान
ताइवान के आसपास अभ्यास पूरा करने के बाद चीन की सेना ने कहा, ‘‘ लड़ाई के लिए तैयार हैं’’
ताइपे, चीन की सेना ने सोमवार को घोषणा की कि वह ताइवान के चारों ओर तीन दिवसीय व्यापक युद्ध अभ्यास करने के बाद ‘‘लड़ाई के लिए तैयार’’ है।
खेल7खेल कप स्टेडियम
लगातार शिकायतों के बाद विश्व कप से पहले स्टेडियमों को बेहतर बनायेगा बोर्ड
नयी दिल्ली, भारत में अक्टूबर नवंबर में होने वाले वनडे विश्व कप से पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड देश में कम से कम पांच बड़े स्टेडियमों का नवीनीकरण करने जा रहा हे ।
भाषा निहारिका नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.