scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशमुंबई में 48 घंटे के भीतर अलग-अलग हमलों में तीन लोगों की मौत, जांच जारी

मुंबई में 48 घंटे के भीतर अलग-अलग हमलों में तीन लोगों की मौत, जांच जारी

Text Size:

मुंबई, 14 अप्रैल (भाषा) पिछले 48 घंटे में शहर के विभिन्न हिस्सों में किए गए घातक हमलों की अलग-अलग घटनाओं में एक वरिष्ठ नागरिक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि दादर, माटुंगा और खेरवाड़ी में हुई घटनाओं में 28 वर्षीय युवक पर बर्बर हमला, एक वरिष्ठ नागरिक से पार्किंग को लेकर विवाद और चाकू मारे जाने की वारदात शामिल हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि दादर में रविवार को नाको सयाजी वाडी इलाके में अंकुश आंबेकर की एक गिरोह ने पीट-पीटकर हत्या कर दी।

आंबेकर का कथित आरोपियों में से एक गौरव सनस से विवाद था। जब वह एक दोस्त से मिलने जा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उनको रोककर उनकी पत्नी की मौजूदगी में उन पर बेरहमी से हमला किया।

अधिकारी ने बताया कि हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और परेल के केईएम अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पीड़ित की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दादर पुलिस ने मामला दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और हमले में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

इसी तरह की एक अन्य घटना में, सोमवार को दादर टाटा ब्रिज के पास पार्किंग विवाद के चलते हुए हमले में वरिष्ठ नागरिक नरेश वाघेला की मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि वाघेला ने वाहन को खड़ा करने के तरीके पर आपत्ति जताई थी, जिसके चलते आरोपियों साहिल घड़गे और शाहबाज शेख के साथ उनकी बहस हो गई।

पुलिस के अनुसार, कहासुनी बढ़ गई और दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर वाघेला पर उनकी पत्नी के सामने हमला किया। उन्हें केईएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

तीसरे पीड़ित अभिनव चौधरी की खेरवाड़ी इलाके में अज्ञात लोगों ने पुराने विवाद को लेकर चाकू मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि हमले के बाद मौके से फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

भाषा तान्या संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments