scorecardresearch
Saturday, 7 November, 2026
होमदेशबिहार में सड़क हादसों में मेडिकल छात्र और किशोरी समेत तीन लोगों की मौत, एक गंभीर घायल

बिहार में सड़क हादसों में मेडिकल छात्र और किशोरी समेत तीन लोगों की मौत, एक गंभीर घायल

Text Size:

भागलपुर/मोतिहारी/दरभंगा, सात नवंबर (भाषा) बिहार के भागलपुर जिले में शुक्रवार देर रात कार और स्कूटर की टक्कर में एक मेडिकल छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मेडिकल छात्र रूपेश सोनी को पहले मायागंज अस्पताल ले जाया गया था। बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, सोनी जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में वर्ष 2023 बैच का एमबीबीएस छात्र था। जिस कार ने उसके स्कूटर को टक्कर मारी, उसे चला रहा व्यक्ति भी इसी चिकित्सा महाविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) का छात्र है।

पुलिस ने बताया कि तेलंगाना के थुमकुंटा निवासी गौरव नाम का आरोपी शराब के नशे में कार चला रहा था। तिलकामांझी चौक पर हुई दुर्घटना के बाद उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के गश्ती दल ने उसे पकड़ लिया। हालांकि, कार में उसके साथ मौजूद एक स्नातकोत्तर छात्रा मौके से फरार हो गई।

सोनी की मौत के बाद उसके सहपाठियों ने जेएलएनएमसीएच के प्राचार्य संदीप लाल से मुलाकात कर आरोपी को तत्काल महाविद्यालय से निष्कासित करने की मांग की। लाल ने छात्रों को आश्वासन दिया कि पुलिस जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उधर, पूर्वी चंपारण जिले में शनिवार सुबह कोचिंग संस्थान जा रही 15 वर्षीय छात्रा की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे कल्याणपुर थाना क्षेत्र में चकिया-केसरिया मार्ग पर हुआ। कैथवलिया गांव की रहने वाली काजल कुमारी साइकिल से अपने कोचिंग संस्थान जा रही थी, तभी एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने करीब 45 मिनट तक सड़क जाम रखी।

वहीं, दरभंगा जिले में तेज रफ्तार बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बिरौल थाना क्षेत्र में राज्य राजमार्ग-56 पर सिसौनी मोड़ के पास हुआ।

पुलिस ने बताया कि दोनों युवक सुपौल बाजार से दीपावली की खरीदारी कर महमूदा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दरभंगा-केसरिया मार्ग पर बस ने आगे निकलने की कोशिश में उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान शिवम कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल दुर्गेश पंडित का एक निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बस में तोड़फोड़ की और दरभंगा-कुशेश्वरस्थान मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम रखा।

बिरौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने बताया कि मौके से फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

भाषा खारी धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments