scorecardresearch
Saturday, 7 November, 2026
होमरिपोर्टउत्तराखंड के सीएम धामी ने जवानों के साथ मनाई दीपावली, मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं

उत्तराखंड के सीएम धामी ने जवानों के साथ मनाई दीपावली, मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं

देहरादून में गढ़वाल रेजीमेंट के जवानों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, सैनिकों के साहस और बलिदान को किया नमन.

Text Size:

नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित गढ़वाल ग्रीन्स प्रशिक्षण मैदान में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में वीर जवानों के साथ त्योहार मनाया. उन्होंने सैनिकों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई और दीपावली की शुभकामनाएं दीं.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनके बीच दीपावली मनाना घर-परिवार के साथ त्योहार मनाने जैसा है. उन्होंने कहा कि जब देशवासी अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाते हैं, तब सैनिक सीमाओं पर तैनात रहकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं. घरों में जलने वाले दीपों के पीछे जवानों का त्याग और उनके परिवारों का समर्पण है.

धामी ने अपने पिता के सेना में होने का उल्लेख करते हुए गढ़वाल रेजीमेंट के शौर्य और बलिदान की परंपरा को याद किया. उन्होंने 1962 के भारत-चीन युद्ध में नूरानांग मोर्चे पर वीरता दिखाने वाले महावीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद जसवंत सिंह रावत को श्रद्धांजलि दी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य शक्ति मजबूत हुई है. उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया.

उन्होंने बताया कि शहीद सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है. साथ ही, आश्रितों को सरकारी नौकरी के लिए आवेदन की समय-सीमा दो से बढ़ाकर पांच वर्ष की गई है. धामी ने कहा कि देहरादून में सैन्यधाम का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है.

share & View comments