बलरामपुर, चार अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में वन विभाग ने छापा मारकर हाथी के दांत की तस्करी के आरोप में तीन लागों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो मध्य क्षेत्र भोपाल, राज्य उड़न दस्ता दल रायपुर (छत्तीसगढ़) तथा बलरामपुर वनमंडल के संयुक्त दल को सोमवार को हाथी दांत की तस्करी करने की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद वन्य जीव अपराध ब्यूरो और वन विभाग के दल ने जिला मुख्यालय रामानुजगंज के एक धर्मशाला में छापा मारा और तीन लोगों को पकड़ा। इनमें झारखंड के पलामू जिले के निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा (42), रामानुजगंज निवासी अजय कुमार गुप्ता (49) और सतेन्द्र कुमार रजक (50) शामिल हैं।
बाद में पूछताछ करने और तलाशी लेने पर तीन हाथी दांत बरामद किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
भाषा सं संजीव शोभना सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.