मेरठ, 12 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक ट्रक और टेंपो की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि सरधना क्षेत्र के दबथुवा गांव से देर रात सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव से सटरिंग के सामान से भरा एक टेंपो जब राजमार्ग पर पहुंचा, तभी उसकी एक ट्रक से टक्कर हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में दबथुवा गांव के निवासी सुशील (47), रमेश (55) और अमर (30) की मौके पर ही मौत हो गई। टेंपो में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया, जिसकी हालत अब सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
कुमार ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा स ज़फ़र वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.