नई दिल्ली: बिहार के पटना स्थित पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और अतिक्रमण पर रोक लगाने के लिए बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) ने सख्ती शुरू की है. शनिवार को प्रबंध निदेशक नवीन कुमार ने औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण कर डेटा सेंटर, आधारभूत संरचनाओं और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की गतिविधियों का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनियंत्रित वाहन आवागमन, सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखने, कचरा फैलाने और अवैध निर्माण के मामलों पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए. औद्योगिक क्षेत्र के प्रवेश द्वारों पर एक्सेस कंट्रोल व्यवस्था लागू करने को भी कहा गया.
पॉलिटेक्निक और साईं मंदिर के पास बियाडा की भूमि पर अनधिकृत पार्किंग के मामले में कार्रवाई तथा कथित अवैध भवन निर्माण को लेकर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए. वहीं, सीवर लाइन की मरम्मत के बाद सड़क बहाल नहीं करने पर बुडको से पुनर्स्थापना का खर्च वसूलने के लिए पत्र भेजने को कहा गया.
नवीन कुमार ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और स्वीकृत नक्शों के अनुपालन की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि चिह्नित समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में समाधान किया जाए. बियाडा का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित और निवेश अनुकूल वातावरण विकसित करना है.