scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशएसबीआई से जुड़े मामले में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो: कांग्रेस

एसबीआई से जुड़े मामले में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो: कांग्रेस

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को अपने उन ग्राहकों को जवाब देना चाहिए, जिनकी निजी जानकारी ‘डार्क वेब’ पर लीक होने की आशंका है। कांग्रेस ने कहा कि बैंक अपने ग्राहकों को जवाब देने के लिए बाध्य है और इस मामले में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

एसबीआई करीब 3900 ग्राहकों की व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी लीक होने की आशंका की जांच कर रहा है।

मुख्य विपक्षी दल के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह भी कहा कि स्टेट बैंक से जुड़ा यह पूरा मामला गंभीर है।

खेड़ा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘यह अपने आप में काफी गंभीर है कि देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक भारतीय स्टेट बैंक में 3.75 लाख ‘पंक्तियों’ वाले डेटा का उल्लंघन हुआ है, जिसमें 3,897 रिकॉर्ड में ग्राहकों की व्यक्तिगत पहचान योग्य जानकारी शामिल है। इसमें मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, नाम, ईमेल पते, आवासीय पते, शाखा और सीआईएफ पहचानकर्ता, लीड आईडी तथा ऋण संबंधी विवरण शामिल हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चिंताजनक बात यह है कि एसबीआई को इस उल्लंघन का पता खुद नहीं चला। एक बाहरी एजेंसी को बैंक को यह सूचित करना पड़ा कि उसके ग्राहकों का डेटा पहले ही डार्क वेब पर प्रकाशित हो चुका है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि इसके बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है क्योंकि एसबीआई ने अभी तक उन ग्राहकों को भी सूचित नहीं किया है, जिनकी व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा करने में वह विफल रहा है।

खेड़ा ने कहा, ‘‘लाखों लोगों की वित्तीय सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाने वाला बैंक डेटा सुरक्षा, उल्लंघन का पता लगाने और ग्राहकों के प्रति जवाबदेही में इतनी बड़ी विफलता का जोखिम नहीं उठा सकता। एसबीआई अपने ग्राहकों को जवाब देने के लिए बाध्य है। जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।’’

भारतीय स्टेट बैंक ‘डार्क वेब’ पर 3,897 ग्राहकों के रिकॉर्ड उजागर होने की आशंका की जांच कर रहा है। इन रिकॉर्ड में ग्राहकों की व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी शामिल है।

बैंक को इस संबंध में 16 अक्टूबर को अपने जोखिम खुफिया सेवा प्रदाता, रक्षा साइबर एजेंसी और भारतीय कंप्यूटर आपात प्रतिक्रिया दल (सीईआरटी-इन) से सतर्कता संबंधी सूचनाएं मिली थीं।

भाषा हक हक संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments