scorecardresearch
Sunday, 9 August, 2026
होमदेशदिल्ली को बाल भिखारी मुक्त बनाने के लिए सरकार जल्द अभियान शुरू करेगी : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

दिल्ली को बाल भिखारी मुक्त बनाने के लिए सरकार जल्द अभियान शुरू करेगी : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) दिल्ली सरकार जल्द ‘बाल भिखारी मुक्त दिल्ली’ अभियान शुरू करेगी, जिसका मकसद शहर में सार्वजनिक जगहों और मुख्य सड़क चौराहों पर भीख मांगते पाए जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह जानकारी दी।

रेखा ने शनिवार को ‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो पोस्ट में कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय राजधानी के 13 जिलों में संचालित किया जाएगा, ताकि भीख मांगने के लिए मजबूर किए गए बच्चों को सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को जबरदस्ती नहीं हटाया जाएगा, बल्कि सरकार दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग (डीसीपीसीआर) और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के साथ मिलकर उनके परिवारों को सलाह देगी, उनकी मुश्किलों को दूर करेगी और उन्हें बेहतर विकल्प उपलब्ध कराएगी।

रेखा ने कहा, “यह अभियान बच्चों से भीख मंगवाने वाले संगठित गिरोहों की पहचान करेगा और उनका पर्दाफाश करेगा।” उन्होंने लोगों से इस अभियान पर अपनी राय और सुझाव देने की अपील की।

डीसीपीसीआर के अध्यक्ष ओपी व्यास ने कहा कि जनता से मिले सुझावों पर विचार करने के बाद इस अभियान को स्वतंत्रता दिवस के आसपास शुरू किए जाने की उम्मीद है।

भाषा पारुल नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments