नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस द्वारा कॉजपा नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत तीन दिन बढ़ाने का अनुरोध किए जाने के बाद विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट (एसईएम) ने बुधवार को उनकी न्यायिक हिरासत पर आदेश सुरक्षित रख लिया।
दास और रांका को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया और सुनवाई के दौरान उनके जमानतदारों के दस्तावेज भी जमा किए गए।
जंतर-मंतर के गैर-अधिसूचित विरोध स्थल में कथित तौर पर प्रवेश और शांति बनाए रखने के लिए दिए गए बॉन्ड का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिए जाने के बाद दोनों को 14 अक्टूबर को शुरुआत में पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
अदालत ने 19 अक्टूबर को उनकी हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी गई थी, जो बुधवार को समाप्त होनी है।
इससे पहले दिन में, दिल्ली उच्च न्यायालय ने दास और रांका की न्यायिक हिरासत के मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। अदालत ने उन्हें एसईएम के समक्ष निर्धारित सुनवाई के नतीजे का इंतजार करने और शिकायत बरकरार रहने पर अपीलीय अदालत का रुख करने को कहा।
भाषा शफीक प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.