scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशदिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से होगा शुरू

दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से होगा शुरू

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को ‘खीर’ समारोह के साथ शुरू होगा, जबकि विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) ने सत्र का बहिष्कार करने की धमकी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खीर समारोह में शामिल होंगी और सदन में दिल्ली की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश किये जाने की संभावना है।

इससे पहले दिन में, विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा कि अगर अध्यक्ष पार्टी के चार विधायकों का निलंबन रद्द नहीं करते, तो आम आदमी पार्टी के विधायक सत्र का बहिष्कार करेंगे।

आम आदमी पार्टी के चार विधायकों मुख्य सचेतक संजीव झा, जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार और सोमदत्त को जनवरी में हुए विधानसभा सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में निलंबित कर दिया गया था।

उनका निलंबन अब भी जारी है, क्योंकि सदन का पिछला सत्र स्थगित नहीं किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि ‘आप’ के चारों विधायकों को पूरे सत्र के लिए निलंबित किया गया और बजट सत्र के विधिवत स्थगित होने पर उनका निलंबन रद्द कर दिया जाएगा।

विपक्ष की नेता ने अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को लिखे पत्र में ‘आप’ विधायकों के साथ किए गए व्यवहार पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और स्थापित विधायी प्रक्रियाओं के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अध्यक्ष इन चिंताओं पर ध्यान देंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि विधानसभा स्थापित विधायी परंपराओं के अनुसार कार्य करे।

आतिशी ने आम आदमी पार्टी के चार विधायकों का निलंबन रद्द करने की भी मांग की।

मुख्यमंत्री 24 मार्च को अपना दूसरा वार्षिक बजट पेश करेंगी।

रेखा गुप्ता के पास वित्त मंत्रालय का प्रभार भी है।

उन्होंने पिछले साल दिल्ली के लिए एक लाख करोड़ रुपये का अपना पहला बजट पेश किया था।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments