बुरहानपुर, 22 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के खंडवा क्षेत्र से लोकसभा सदस्य ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई का शव बुधवार को उनके पैतृक गांव के खेत के कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि पुलिस को बुधवार सुबह करीब आठ बजे विश्वनाथ पाटिल उर्फ बाड़ू के परिजनों की ओर से उनके लापता होने की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया, ‘विश्वनाथ का शव उनके गांव बोहरडा के खेत के कुएं में मिला। गोताखोरों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया।’
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पेशे से केला व्यापारी विश्वनाथ की उम्र 55 से 60 वर्ष के बीच थी और वह खंडवा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई थे।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्री और तीन पुत्र हैं।
अधिकारियों के मुताबिक छोटे भाई की मृत्यु की घटना के समय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल दिल्ली में थे और इसकी सूचना मिलते ही वह बुरहानपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
भाषा सं. हर्ष मनीषा अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.